तालिबान में झंडा हटाया तो बरसाईं गोलियां, 3 की मौत
नई दिल्ली
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जा कर लेने के बाद से जुल्म का दौर शुरू हो चुका है। अपने ही देश में लोग डर-डरकर रहने को मजबूर है। भले ही तालिबान ने कहा हो कि वह अब बदल गया है और उसने सबको माफ कर दिया है या महिलाओं के लिए उसकी सोच बदल गई है, इस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। तालिबान अब भी उसी तरह लोगों पर जुल्म कर रहा है। अफगानिस्तान के जलालाबाद में बुधवार को प्रदर्शन कर रहे लोगों पर तालिबान के लड़ाकों ने गोलियां चला दीं जिसके बाद तीन लोगों की मौत हो गई।
अफगानिस्तान के जलालाबाद में बुधवार को प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर बंदूकधारियों द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। यह झड़प राजधानी काबुल से लगभग 115 किलोमीटर दूर पूर्वी शहर जलालाबाद के पश्तूनिस्तान स्क्वायर में हुई। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि स्थानीय लोगों ने शहर के एक चौराहे पर पिछली अफगान सरकार के काले, लाल और हरे झंडे की जगह पर फहराए गए तालिबान के झंडे को हटा दिया था।
जलालाबाद की घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़-भाड़ वाली गली में कई गोलियां चलाई जा रही हैं। जिसके बाद स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे। अल जज़ीरा ने बताया कि जिन हथियारबंद लोगों ने गोलियां चलाईं, वे तालिबान लड़ाके थे, जिन्हें बाद में भीड़ पर लाठियों से चार्ज करते देखा गया।

पाठको की राय